कानपुर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर ने नौ अगस्त को दिल्ली में प्रस्तावित व्यापारिक महाधिवेशन की तैयारी तेज कर दी है। बुधवार को जिलाध्यक्ष सुनील बजाज की अगुवाई में व्यापारियों ने कपड़ा बाजार जनरलगंज, घुमनी बाजार, कटपीस बाजार में बैठक के बाद जनसंपर्क किया। इस दौरान कपड़ा मिलों का मामला महाधिवेशन में उठाने पर मंथन किया गया। सुनील बजाज ने कहा कि महाधिवेशन में ऑनलाइन व्यापार से बढ़ती प्रतिस्पर्धा, खाद्य विभाग और मंडी समिति से जुड़ी समस्याओं समेत व्यापारियों के विभिन्न मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शहर के अलग-अलग बाजारों में संपर्क अभियान चलाकर व्यापारियों को दिल्ली चलने का आह्वान किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को पीरोड सीसामऊ बाजार, नेहरूनगर के व्यापार मंडल के व्यापारियों के बीच जनसंपर्क किया जाएगा। इस मौके पर महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी, प्रदीप गुप्ता, सुरेश गुप्ता, शरद गुप्ता, सुशील गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, राजेश गुप्ता, संजय त्रिवेदी, पवन दुबे, अमित दोसर, श्रीकृष्ण गुप्ता, केवी सिंह, जितेंद्र अग्रवाल, राजू, राकेश भाटिया, संजय कनौडिया, विनोद सिंह, बीनू जायसवाल आदि रहे।