शनिवार दोपहर बाद हुई तेज झमाझम बारिश ने परगही बांगर अंडरपास की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बारिश के बाद अंडरपास में करीब एक से डेढ़ फीट तक पानी भर गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया। परगही बांगर अंडरपास से प्रतिदिन सैकड़ों लोग कानपुर-अलीगढ़ हाईवे तक पहुंचते हैं। जलभराव के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहा। स्थानीय लोगों ने अंडरपास में स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि हर बारिश में होने वाली इस समस्या से राहत मिल सके।