महाराजपुर थाना क्षेत्र के ब्रह्मदेव मंदिर के पास नेशनल हाईवे किनारे अवैध तरीके से खड़े वाहन हर दिन बड़े हादसों को दावत दे रहे हैं। सर्दियों की शुरुआत के साथ कोहरे की मार बढ़ते ही इस पॉइंट पर दुर्घटनाओं का खतरा और ज्यादा गंभीर हो गया है। हाईवे पर जहां नेशनल हाईवे प्राधिकरण की टीम लगातार रेडियम पट्टियां लगाने और साइन बोर्ड स्थापित करने का काम कर रही है वहीं दूसरी ओर अवैध पार्किंग की समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार ब्रह्मदेव मंदिर के पास सुबह से रात तक एक लाइन में खड़े ट्रक और अन्य वाहन हाईवे को संकरा कर देते हैं। कोहरे के समय यह स्थान ब्लैक स्पॉट में बदल जाता है और हर वर्ष यहां कई बड़े हादसे होते हैं। बावजूद इसके न तो प्रशासन की नजर इस ओर पड़ रही है और न ही यातायात पुलिस कोई ठोस कार्रवाई कर रही है। हादसा होने के बाद कुछ दिनों तक पुलिस सक्रिय रहती है लेकिन मामला ठंडा पड़ते ही स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि हाईवे सुरक्षा के लिए स्पेशल क्रिटिकल कॉरिडोर टीम बनाई गई है। जो लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि हाईवे किनारे अवैध तरीके से वाहन खड़े करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।