हैलट अस्पताल के वार्ड नंबर 5 और 6 के पास स्थित बरामदे में शुक्रवार को अचानक आग लगने से मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बरामदे से धुआं और आग की लपटें उठती देख अस्पताल के कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। उनकी तत्परता से कुछ ही देर में आग पर नियंत्रण पा लिया गया। आग बुझने के बाद अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली। घटना में किसी मरीज या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।