सेंट्रल स्टेशन पर पहली बार 75 किलो गांजा पकड़ा गया है। जीआरपी और आरपीएफ ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर यह बरामदगी की है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब सवा करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी ओडिसा से मादक पदार्थ लाकर कानपुर, लखनऊ व आसपास के अन्य जिलों में बेचते थे। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह और आरपीएफ प्रभारी ओमनारायण सिंह बुधवार को रूटीन चेकिंग पर थे। इस दौरान कैंट साइड पर गेट नंबर-2 के पास सर्कुलेटिंग एरिया में दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बैग लिए दिखे। पास जाकर उनसे पूछताछ की तो दोनों हड़बड़ाने लगे। ठीक से अपना नाम भी नहीं बता सके जिस पर तलाशी ली गई। दोनों के पास तीन ट्राली और इतने ही पिट्ठू बैग थे। इन्हें खोलकर देखा गया तो कपड़ों के बीच में छिपा कर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। कुल 74 किलो, 230 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए दोनों तस्कर हसनपुर, तहसील माट, थाना नवझील, मथुरा निवासी 21 वर्षीय प्रेम कुमार और मानपुर, तहसील खैर, थाना टप्पल, अलीगढ़ निवासी 22 वर्षीय सुभाष हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि ओडिसा से सस्ते दाम पर मादक पदार्थ तस्करी कर ट्रेन से लाते थे। इसके बाद कानपुर, लखनऊ, अलीगढ़, मथुरा व आसपास के इलाकों में बेचते थे। बरामद गांजा लेकर अलीगढ़ जाने की फिराक में ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, तभी दबोचे गए।