बिठूर के ब्रह्मवर्त घाट से करीब 100 मीटर की दूरी पर बने सामुदायिक शौचालय की बदहाल व्यवस्था जिम्मेदारों की लापरवाही उजागर कर रही है। परिसर में लगा हैंडपंप कई वर्ष पहले ही गायब हो चुका है, जबकि प्रकाश व्यवस्था के लिए लगाया गया सोलर टावर भी केवल शोपीस बनकर रह गया है। सोलर टावर की बैटरी भी गायब है, जिसके चलते रात के समय परिसर में अंधेरा पसरा रहता है। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ब्रह्मवर्त घाट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन सामुदायिक शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा की उपेक्षा से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि हैंडपंप दोबारा स्थापित कराया जाए और सोलर लाइट की बैटरी लगाकर प्रकाश व्यवस्था जल्द बहाल की जाए।