कल्याणपुर क्षेत्र की बारासिरोही बस्ती में नगर निगम की लापरवाही के चलते सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। बस्ती से गुजरने वाली शिवली रोड पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जबकि मुख्य नाला करीब एक वर्ष से साफ न होने के कारण पूरी तरह कचरे से पट गया है। इससे स्थानीय लोगों का जीवन नारकीय हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद नगर निगम ने न तो नियमित सफाई कराई और न ही नाले की सिल्ट हटवाई। नतीजतन नाले से उठने वाली दुर्गंध और सड़क किनारे पड़े कूड़े के ढेरों से पूरे इलाके का वातावरण प्रदूषित हो गया है। बस्तीवासियों के अनुसार बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। जाम नाले के कारण जलभराव की समस्या पैदा होती है और गंदा पानी आसपास की गलियों तक पहुंच जाता है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।