जेके कॉटन मिल बस्ती में रंजिश के चलते घर के बाहर खड़े तीन दो पहिया वाहनों में आग लगाने का आरोप लगाया गया है। घटना शुक्रवार देर रात की है। बस्ती निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात वह अपने दो बेटों और पत्नी के साथ घर पर सो रहे थे। देर रात तीन बजे दरवाजे के पास खड़े तीन दो पहिया वाहनों में किसी ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आहट पर आंख खुली तो तीन चार लोग भागते नजर आए। उनके कमरे में बाहर से कुंडी लगी थी। इलाकाई लोगों ने आग बुझाने का प्रयास करने के साथ ही कमरे की कुंडी खोली। तब तक वाहन काफी हद तक जल चुके थे। विनोद ने पड़ोसी पांच भाइयों पर आरोप लगाया है। पांचों से दिवाली पर विवाद भी हुआ था। बताया कि पूर्व में आरोपी एक महिला के घर पर भी आग लगा चुके हैं। पुलिस दो भाइयों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में रंजिश है। पीड़ित पक्ष की तहरीर लेकर जांच की जा रही है।