गंगाघाट रेलवे स्टेशन परिसर में अमृत भारत रेल स्टेशन योजना के अंतर्गत कराया जा रहा कायाकल्प का काम पांच दिनों से ठप है। रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास खोदाई से रास्ता संकरा होने से यात्रियों को आवागमन में दिक्कत हो रही। अक्सर यात्री चुटहिल होते रहते हैं। गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर दो मंजिला बिल्डिंग बनाए जाने के साथ ही फुट ओवर ब्रिज, गार्ड रूम, वातनुकूलित प्रतीक्षालय, आरक्षण केंद्र, नए टिकट विंडो, प्लेटफार्म विस्तारीकरण, पार्किंग समेत अन्य कई निर्माण कार्य करोड़ों की लागत से कराए जा रहे है। पांच दिनों से कार्यदायी एजेंसी की ओर से निर्माण कार्य बंद कर दिया गया है। इससे निर्माण कार्य पिछड़ रहा है, साथ ही रेलवे प्लेटफार्म पर जाने के लिए मुख्य मार्ग के पास भवन निर्माण के लिए खोदाई करा दी गई है, जिससे मुख्य मार्ग संकरा हो गया है। ऐसे में यात्रियों को दिक्कतें हो रही है। यात्रियों को पांच सौ मीटर पहले ही वाहनों वहीं खड़ा कर समान समेत पैदल स्टेशन प्लेटफार्म तक जाना पड़ रहा है। एजेंसी के सुपरवाइजर तेजवीर चौहान ने बताया कि होली पर्व के चलते मजदूर अपने घरों को चले गए है। दो तीन दिन के अंदर कार्य शुरू कराया जाएगा।