मौसम की बेरहमी कम नहीं हो रही है। बुधवार को सुबह 10 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता बेहद कम होने से वाहनों की रफ्तार थमी रही। नवीन गंगा पुल, राजधानी मार्ग, जाजमऊ हाईवे समेत सभी मुख्य मार्गों पर वाहन सवार हेडलाइट जलाकर रेंगते हुए आवागमन करते देखे गए। वहीं, शाम होते ही गलन बढ़ने से लोग ठंड से कंपकंपाते रहे। उधर, बुधवार को पाला गिरने से फसलों के नुकसान की आशंका से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आई हैं। बुधवार सुबह नवीन गंगा पुल, राजधानी मार्ग, मरहला चौराहा, जाजमऊ हाईवे, आजाद मार्ग, गंगा बैराज मार्ग, सहजनी तिराहा समेत अन्य मुख्य मार्गों पर घना कोहरा छाया रहा। ऐसे में यहां से गुजरने वाले लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। वाहनों की लाइट जलाकर वाहन सवार निकले। वहीं कानपुर लखनऊ के बीच चलने वाली मेमो पैसेंजर ट्रेन 12:30 की जगह दो बजे दोपहर आई, इसके अलावा गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस, पनवेल, साबरमती एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनें गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर कोहरे के कारण रूक कर गंतव्य को रवाना हुईं। लगातार दो दिनों से मौसम खराब होने और बुधवार को पाला गिरने से किसानों ने फसलों के नुकसान की आशंका जताई है। किसानों ने बताया कि आंधी आने से पहले से ही खेतों में खड़ी फसलें औंधे मुंह गिर चुकी हैं।