पनकी फर्टिलाइजर में हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में 14 कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए श्रम विभाग की टीम शनिवार को पहुंची। कर्मचारियों ने इसे लंबे समय से चल रहे मामले में महत्वपूर्ण कदम बताया। जानकारी के अनुसार अपर श्रम आयुक्त कार्यालय से लेबर एनफोर्समेंट ऑफिसर हेमंत कुमार और सुरेश सिंह पनकी फर्टिलाइजर पहुंचे। अधिकारियों ने संबंधित दस्तावेजों और हाईकोर्ट के आदेश का अवलोकन करते हुए नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली। कर्मचारियों का कहना है कि न्यायालय के आदेश के बाद नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने से प्रभावित कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी भी दी। इस दौरान कर्मचारी नेता सुनील पारिख, संगीत तिवारी, महामंत्री चंदन पाल, घनश्याम समेत अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश का पूर्ण पालन कराया जाना चाहिए ताकि सभी पात्र कर्मचारियों को उनका अधिकार मिल सके।