मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत नगर में लगे शिविरों का रविवार को दोपहर एडीएम सुशील कुमार व एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी ने निरीक्षण किया। बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर उनसे गणना प्रपत्र भरवाएं। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने बताया कि शुक्लागंज से पांच हजार गणना प्रपत्र आज जमा कराए गए हैं। जबकि सदर विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत 70 हजार गणना प्रपत्र अपलोड किए जा चुके है। एडीएम व एसडीएम सदर राजधानी मार्ग स्थित ओमप्रकाश ज्वालादेवी इंटर कॉलेज में लगे शिविर में पहुंचे और बीएलओ से गणना प्रपत्र कलेक्शन व उनके वितरण संबंधी कार्याें के बारे में जानकारी ली। इस दौरान एडीएम ने सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए है कि कार्य पारदर्शिता से हो और घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर उनसे गणना प्रपत्र भरवाए। इस बीच कुछ बीएलओ ने अपनी दिक्क्तें बताते हुए बताया कि गणना प्रपत्र दिए जाने के दौरान कई मतदाता प्रपत्रों को जमा करने में लापरवाही बरत रहे हैं।