इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा किए जा रहे कथित हाफ एनकाउंटरों को लेकर सख्त टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा है कि कुछ पुलिसकर्मी प्रमोशन पाने और वाहवाही लूटने के लिए कानून को अपने हाथ में ले रहे हैं, जो स्वीकार्य नहीं है। हाईकोर्ट ने दो टूक कहा कि उत्तर प्रदेश को पुलिस स्टेट नहीं बनने दिया जाएगा और कानून का राज हर हाल में कायम रहना चाहिए।
हाईकोर्ट की इस टिप्पणी के बाद कानपुर में लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सख्ती के चलते अपराध ग्राफ में गिरावट आई है और आमजन पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहा है। वहीं, दूसरी ओर कुछ लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून की रक्षा करने वाली पुलिस को खुद भी कानून के दायरे में रहकर ही कार्रवाई करनी चाहिए।इस मामले ने पुलिस की जवाबदेही और न्यायिक निगरानी को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।