कानपुर के चर्चित लैंबॉर्गिनी कार प्रकरण में गुरुवार को बड़ा मोड़ आ गया। वीआईपी रोड, ग्वालटोली पर तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी से सड़क किनारे खड़े युवकों को टक्कर मारने के आरोप में तंबाकू व्यापारी के पुत्र शिवम मिश्रा को पुलिस ने उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया।
इस मामले में बीते रविवार को हुई घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था। हादसे के बाद पुलिस लैंबॉर्गिनी कार को ग्वालटोली थाने ले आई थी। आरोप लगे कि कार को विशेष तरीके से संभाला गया और मुख्य आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई। इसी बीच व्यापारी के ड्राइवर ने कोर्ट में समर्पण कर दावा किया कि हादसे के समय वाहन वही चला रहा था, लेकिन कोर्ट ने इस दलील को दरकिनार करते हुए शिवम मिश्रा को पेश करने के आदेश दिए।
मामले के वादी तौसीफ ने बाद में कार्रवाई न चाहने की बात कही, जिससे प्रकरण के कमजोर पड़ने की चर्चा शुरू हुई। इसके बावजूद पुलिस ने समझौते को आधार न मानते हुए कार्रवाई जारी रखी और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। अब आगे की सुनवाई में मामले की दिशा तय होगी।