औरैया के बहादुरपुर गांव निवासी तीमारदार राजकुमार सिंह राजावत की हत्या उन्हीं के दामाद मोहित सिंह तोमर ने छह लाख रुपये की सुपारी देकर जेके कैंसर अस्पताल परिसर में कराई थी। आरोपी दामाद ने पुलिस को हत्या करवाने के पीछे का कारण अपनी पत्नी नम्रता के तीन लोगों से अवैध संबंध होना बताया। पुलिस ने साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दामाद को गिरफ्तार किया उसने पूरा सच कबूल लिया। पुलिस फरार दो सुपारी किलर की तलाश में है।
मूलरूप से औरैया के थाना सहारा के बहादुरपुर निवासी किसान राजकुमार आठ अगस्त से मुरारीलाल चेस्ट अस्पताल में पत्नी अनीता देवी का इलाज करा रहे थे। परिवार में बेटी नम्रता और बेटा विशाल है। बेटी नम्रता की औरैया के बिधूना में ससुराल है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात राजकुमार पत्नी को अस्पताल में छोड़कर निकले फिर नहीं लौटे। भांजे शिवभान ने शनिवार को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। स्वरूपनगर पुलिस को रविवार सुबह जेके कैंसर अस्पताल परिसर में राजकुमार का रक्तरंजित शव मिला था।
सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो राजकुमार का दामाद मोहित सिंह उनके साथ नजर आया। मोहित को गिरफ्तार कर पुलिस ने पूछताछ की तो उसने पुलिस को बताया कि 11 साल पहले नम्रता से शादी हुई थी। आरोप है कि पत्नी के अवैध संबंध हैं। इसकी शिकायत राजकुमार से करने पर वह उल्टा उसे ही जेल भिजवाने की धमकी देते थे। 22 जून को ससुर उसके घर से गहने उठा ले गए थे।
इसके बाद हत्या की साजिश रची। बिधूना के ऋषभ को छह लाख की सुपारी दी। वारदात के दिन मोहित सुपारी किलर ऋषभ व उसके एक अन्य साथी के साथ जेके कैंसर अस्पताल परिसर पहुंचे। पुलिस के अनुसार मोहित दूर खड़ा हो गया। ऋषभ और उसके साथी ने ससुर का गला रस्सी से गला घोंटने के बाद चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस फरार भाड़े के हत्यारों की तलाश में जुटी है।पुलिस के अनुसार राजकुमार की हत्या के बाद मोहित अपनी पत्नी नम्रता की भी कार से कुचलवाकर हत्या करवाने की साजिश रच चुका था।