गुरुवार की शाम कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सवारियों से भरी टैक्सी को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो व कार दोनों पलट गई। उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गरौठा चौराहे से सवारियां लेकर टैक्सी सिमरधा जा रही थी। जिसमें मऊरानीपुर निवासी दीपेंद्र, बम्होरी थाना लहचूरा निवासी भगवानदास, एवनी थाना टोड़ीफतेहपुर निवासी पवन, सोनू, मैथिलीशरण, सिमरधा थाना गरौठा निवासी सुनील गुप्ता, बोरपुरा निवासी मुकेश, बोहरन निवासी बबलू सवार थे। जैसे ही टैक्सी मेलोनी गांव के पेट्रोल पंप के पास पहुंची तभी सामने से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों पलट गई। राहगीरों की मदद से 108 एंबुलेंस से घायलों को उपचार हेतु स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां पर सात लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें चिकित्सक ने झांसी रेफर कर दिया।