शिवम जायसवाल हत्याकांड में शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक हंगामा किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और शनिवार सुबह अंतिम संस्कार किया गया। लखनऊ ट्रॉमा सेंटर से पोस्टमार्टम के बाद शव संडीला स्थित आवास पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए। परिजनों ने पहले शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया और शव वाहन को सीधे सदर बाजार स्थित घर तक पहुंचाया। घर पहुंचने के बाद परिजनों ने शव वाहन से शव उतारने से इनकार कर दिया और सड़क पर वाहन खड़े कर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का भी आरोप लगाया। स्थिति को देखते हुए एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम, सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। बस अड्डा चौराहे से सदर बाजार मार्ग पर यातायात डायवर्ट किया गया।