घने कोहरे की वजह से पिकअप डाला के पीछे चल रहे ट्रक ने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखी तीन गुमटियों को तोड़ दिया। इस घटना में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको सीएचसी से मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर किया गया है। कोतवाली क्षेत्र के नयागांव चौराहा पर बुधवार की सुबह आठ बजे संडीला की ओर से मल्लावां जा रहे ट्रक के आगे एक पिकअप डाला चल रहा था। घने कोहरे के चलते चौराहे पर पिकअप चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे चल रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखी नयागांव निवासी मनोज की फास्टफूड की गुमटी, दिनेश कुमार की पान की गुमटी और सूरज पुत्र बुद्धा की चाय की दुकान को तोड़ दिया। इस घटना में बाहर मौजूद सूरज उनकी पत्नी जया गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से दोनों घायलों को हरदोई रेफर किया गया है। कोतवाल शिवकांत पांडे ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लिया गया है।