हापुड़। दुष्कर्म के आरोपी की जमानत कराने के लिए फर्जी मेडिकल प्रमाण पत्र लगाने के आरोप में आरोपी के पिता व भाई समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि एक युवक ने उनकी 14 वर्षीय पुत्री के साथ दुष्कर्म किया था। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वर्तमान में आरोपी जेल में बंद है। आरोपी युवक के पिता, दो चाचा व भाई ने जमानत करने के लिए फर्जी मेडिकल प्रमाण पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। जिसमें घटना वाले दिन आरोपी को हरिद्वार स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती होना बताया गया था। न्यायालय ने मेडिकल प्रमाण पत्र की जांच कराने के आदेश दिए थे। जांच के दौरान विवेचक ने मेडिकल प्रमाण पत्र को फर्जी बताते हुए न्यायालय में रिपोर्ट सौैंपी थी। सात अक्तूबर 2024 को उन्होंने इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस व उच्चाधिकारियों से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद वह न्यायालय की शरण में पहुंची थी। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर चार नामजद व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दस्तावेजों की जांच कराई जा रही है।