दर्जीकुआं-मनकापुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। मोतीगंज थाना क्षेत्र के उत्तरपुरवा सौठिया गांव निवासी किसान राममनी यादव के बेटे रंजीत यादव (18) मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक ही बाइक से अपनी मां मीना यादव (43) और गांव की बिंदू देवी (35) के साथ नवाबगंज के कोल्हमपुर के एक मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। इस दौरान मनकापुर-दर्जीकुआं मार्ग पर महेवा गोपाल के पास फरेंदा चौराहे से खाद लेने जा रहे गढ़ी के सौतिहवा निवासी मनोज वर्मा (25) से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतना तेज थी कि दोनों बाइक पर सवार बीच रोड पर गिर गए। दोनों बाइकें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस का कहना है कि हेलमेट न पहने होने से बाइक चला रहे रंजीत और मनोज के साथ ही मीना के सिर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुरेश पांडेय की पत्नी बिंदू देवी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।