बड़े भाई की शादी के तीसरे दिन छोटे भाई का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। घर में चल रही शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खरगूपुर क्षेत्र के पूरे हरवाहन मोहल्ला निवासी विकास उर्फ लाला (26) पुत्र मूसे ठठेर का शव बुधवार सुबह घर से करीब 500 मीटर दूर तालाब के निकट आम के पेड़ की डाल से गमछे के सहारे लटका मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मृतक के पिता मूसे ने बताया कि उनके दूसरे पुत्र राजेंद्र की 22 जून को शादी हुई थी। मंगलवार रात बहूभोज कार्यक्रम के बाद परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद विकास रात करीब 12 बजे घर से निकल गया। परिजनों ने समझा कि वह कुछ देर में वापस लौट आएगा, लेकिन वह घर नहीं आया। बुधवार सुबह शौच के लिए गए लोगों ने तालाब के पास पेड़ से उसका शव लटका देखा। घटना की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में मातम छा गया। मृतक राजगीर का काम करता था। सूचना पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक डीएल गंगवार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।