श्रीराम मंदिर दान पत्र प्रकरण को लेकर कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह मामला अब केवल ट्रस्ट तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसकी उंगली केंद्र और प्रदेश सरकार तक उठ रही है। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इस पूरे प्रकरण से बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि यह झटका किसी व्यक्ति विशेष ने नहीं, बल्कि ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने ही लगाया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार के दस्तावेज सामने आ रहे हैं और जिस तरह की बातें सामने लाई जा रही हैं, उससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पूर्व सांसद ने कहा कि अयोध्या में जो कुछ हुआ है, वह अच्छा नहीं हुआ है। कहा कि बिना धुएं के आग नहीं निकलती। जो धुआं दिखाई दे रहा है, उसमें कुछ न कुछ सच्चाई अवश्य है। उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े लोग यदि इस मुद्दे को उठा रहे हैं तो सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच करानी चाहिए। कहा कि इस प्रकरण की सच्चाई बहुत जल्द देश के सामने आएगी।