यूपी के गोंडा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 को लेकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण और पंचायत व वार्डों से मैपिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। इस प्रक्रिया में जिले में 1.62 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं। वहीं 2.61 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। झंझरी और रुपईडीह ब्लॉक में सबसे अधिक नाम काटे गए हैं। जबकि, कटरा और परसपुर ब्लॉक में सबसे ज्यादा नए मतदाता जुड़े हैं। जिले की 1,192 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) और ग्राम पंचायत सदस्य समेत विभिन्न पदों के लिए चुनाव कराए जाने हैं। इसके लिए 23 दिसंबर को अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। पंचायत एवं नगरीय निकाय कार्यालय की ओर से मतदाता सूची की फीडिंग और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। वर्तमान में मतदाताओं की पंचायतों और वार्डों से मैपिंग का काम किया जा रहा है। पिछले पंचायत चुनाव में जिले में 25.94 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, जबकि इस बार 27.56 लाख मतदाता मतदान कर सकेंगे। इस प्रकार पिछले चुनाव की तुलना में इस बार 1.62 लाख मतदाता अधिक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ और अन्य माध्यमों से कुल 4.23 लाख मतदाताओं के नाम जोड़े गए थे, लेकिन जांच में 2.61 लाख मतदाता अपात्र पाए गए। इनमें बड़ी संख्या में मृतक मतदाता, स्थानांतरित होने के बावजूद नाम दर्ज रहना और दो-दो स्थानों पर नाम पंजीकृत होने जैसे मामले सामने आए। ऐसे सभी मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण ने बताया कि अनंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आगे की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।