गोंडा में सोमवार को सभी तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मनकापुर तहसील में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान फरियादियों ने जमीन विवाद, अवैध कब्जा, राजस्व और पुलिस संबंधी मामलों को लेकर अपनी पीड़ा अधिकारियों के सामने रखी। वहीं सदर तहसील में पहुंचे कई फरियादियों ने शिकायत की कि वे अपनी समस्याओं को लेकर कई बार अधिकारियों के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिल सकी है। उनका आरोप था कि बार-बार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद संबंधित विभाग कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। फरियादियों की शिकायतें सुनने के बाद तहसीलदार मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए मामलों के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया। समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे तथा शिकायतों के त्वरित निपटारे पर जोर दिया गया।