गोंडा में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार से सात परीक्षा केंद्रों पर सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होंगी, जबकि 18 फरवरी से 151 केंद्रों पर यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। प्रशासन की ओर से दोनों बोर्ड की परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सीबीएसई परीक्षा के लिए फातिमा स्कूल को नोडल केंद्र बनाया गया है। जहां से सभी केंद्रों की मॉनिटरिंग की जाएगी। वहीं यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है। यहां से परीक्षा केंद्रों की पल-पल की निगरानी की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित वितरण व्यवस्था तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। केंद्र व्यवस्थापकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा की गोपनीयता और अनुशासन से कोई समझौता न हो। डीआईओएस डॉ राम चंद्र ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से केंद्र पर पहुंचें और परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।