फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोंडा में 15 जून से शुरू होगा सामान्य सुविधा केंद्र, मक्का किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

गोंडा में तरबगंज क्षेत्र के लौव्वा टेपरा में स्थापित हो रहा देवीपाटन मंडल का पहला सामान्य सुविधा केंद्र अब मक्का किसानों के लिए नई उम्मीद लेकर आ रहा है। करीब 7.95 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे इस केंद्र का संचालन 15 जून से शुरू करने की तैयारी की जा रही है। निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अत्याधुनिक मशीनों की स्थापना अंतिम चरण में है। एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत मक्का उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस केंद्र की स्थापना की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मक्का आधारित उत्पादों की बाजार में अच्छी मांग है। ऐसे में किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य दिलाने, आय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के लिए यह केंद्र महत्वपूर्ण साबित होगा। सामान्य सुविधा केंद्र में 33 अत्याधुनिक मशीनें लगाई जा रही हैं। इन मशीनों के जरिए पॉपकॉर्न, कॉर्न फ्लेक्स, चिप्स सहित कई उत्पाद तैयार किए जाएंगे। यहां किसानों को उत्पाद तैयार करने के साथ पैकेजिंग और ब्रांडिंग की सुविधा भी मिलेगी। इससे किसान सीधे अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचा सकेंगे। केंद्र के सुचारु संचालन के लिए 33 केवी का स्वतंत्र फीडर तैयार कराया जा रहा है। साथ ही 500 केवीए विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। उद्योग विभाग के अधिकारियों के अनुसार मौजूदा बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए मशीनों की खरीद की गई है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने उद्योग विभाग के अधिकारियों से केंद्र के संचालन संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि इसी महीने के अंत तक मशीनों की स्थापना और अन्य तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएंगी। उद्योग उपायुक्त बाबू राम ने बताया कि सामान्य सुविधा केंद्र के माध्यम से किसान अपने उत्पाद तैयार कर खुद उनकी ब्रांडिंग और बिक्री कर सकेंगे। यदि किसान मक्का बेचना चाहेंगे तो केंद्र के जरिए उनकी उपज खरीदी भी जाएगी और उचित मूल्य उपलब्ध कराया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें