गोंडा: विधानसभा चुनाव-2027 के लिए जिले में 29 जोन और 197 सेक्टर बनाए गए हैं। बृहस्पतिवार को अधिकारियों को प्रशिक्षण देकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और वल्नरेबिलिटी मैपिंग के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में गोंडा, मेहनौन, कटरा बाजार और करनैलगंज विधानसभा क्षेत्रों के जोनल मजिस्ट्रेटों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस सेक्टर अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। जिला प्रशिक्षण अधिकारी अभिषेक मणि त्रिपाठी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने और संवेदनशील-अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने की प्रक्रिया समझाई। अधिकारियों को मतदान स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करने, सूचनाओं का सत्यापन कर निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर मतदाताओं में विश्वास कायम करने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी संभावित समस्याओं का समय रहते समाधान करने पर जोर दिया गया। तरबगंज, मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों के अधिकारियों को 31 अक्तूबर को दो पालियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। बिना पूर्व अनुमति प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई। प्रशिक्षण में अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।