फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर कठफोरी के पास सोमवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में भीषण आग लग गई, जिससे दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए। मृतक कानपुर के रहने वाले थे और ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट में टीम लीडर के पद पर कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, कानपुर के शनिगवां निवासी सिद्धार्थ (28) पुत्र अशोक कुमार और शिवकटरा निवासी वैभव अवस्थी (26) पुत्र अवधेश कुमार सोमवार रात करीब 9:30 बजे बाइक से कानपुर से आगरा जा रहे थे। वे आगरा में फ्लिपकार्ट के एक नए स्टोर की ओपनिंग के सिलसिले में जा रहे थे। सिरसागंज थाना क्षेत्र के कठफोरी के पास पहुंचे पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक में आग लग गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार दोपहर बाद परिजन को सौंपा। सिद्धार्थ, जो कि फ्लिपकार्ट के लखनऊ हेड क्वार्टर पर तैनात और वैभव, कानपुर रीजन के प्रभारी थे। इन दोनों की मौत की खबर पाकर उनके परिवार वाले मंगलवार सुबह ही फिरोजाबाद आ गए। पिता ने बताया कि वैभव दो भाइयों में छोटा था। उसने दो साल पहले ही कंपनी में काम करना शुरू किया था। हादसे में जली बाइक भी वैभव की थी। वैभव की अभी शादी भी नहीं हुई थी। इधर, सिद्धार्थ के पिता ने बताया कि वह इकलौता बेटा था। उससे छोटी परिवार में एक बेटी है। कंपनी में एक साल से काम कर रहा था। उसकी मौत की खबर पाकर मां श्याम वर्मा बेसुध है। थाना प्रभारी सिरसागंज वैभव कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर भागने वाले वाहन की पहचान की जा सके।