उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में टूंडला से भाजपा विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर विकसित भारत संकल्प यात्रा के लिए गांव पहुंचे। रास्ते में मिले ग्रामीण युवक ने उनसे कहा कि चुनाव बाद अब आए हैं। इस पर विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने उस नौजवान को कहा कि विधायक का पावर नहीं जानते हो। बृहस्पतिवार को इस हॉट टॉक का वीडियो सामने आया तो लोग अपनी प्रतिक्रिया देने लगे। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। विधायक ने ग्रामीण नौजवान को पावर के बारे में कहा तो उसने भी दो टूक जवाब दिया। कहा कि पावर तो हमारे वोट से ही आई है। ग्रामीण युवक का आरोप है कि विधायक ने पुलिस बुला ली। विधायक का कहना है कि कुछ लोग गांव में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में अवरोध बन रहे थे। उनके द्वारा ही ऐसी हरकत की गई है।