फर्रुखाबाद के रहने वाले एक किशोर का 16 जनवरी की रात थार सवार तीन बदमाशों ने नोएडा से अपहरण कर लिया, उसे गाड़ी में घुमाते रहे और परिजन से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। शनिवार रात किशनी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अपहरण किए किशोर को मुक्त कराया। पुलिस ने दो अपहरणकर्ता भी गिरफ्तार किए। एक साथी चकमा देकर भाग गया। रविवार को एसपी सिटी ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी। एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 16 जनवरी को नोएडा के जीरो पॉइंट पर खड़े नाबालिग शिव सिंह निवासी न्यू इंदिरा कालोनी थाना कोतवाली जनपद फर्रुखाबाद को थार सवार तीन बदमाशों ने तमंचा और चाकू के बल पर अगवा कर लिया। अपहरण करने के बाद उसे पीटा गया और परिजन को फोन कर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। शिव सिंह को आगरा, शिकोहाबाद, इटावा घुमाते रहे। शनिवार की रात किशनी पुलिस को सूचना मिली कि एक थार में नोएडा से अपहरण किया हुआ किशोर है, वह थाना क्षेत्र में ही देखी गई है। इस सूचना पर थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह ने टीम के साथ इटावा-बेवर रोड पर चेकिंग शुरू कर दी। रोडवेज बस स्टैंड के पास थार को रोकने का प्रयास किया तो अपहरणकर्ताओं ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी फायर किए, गोली थार के टायरों में लगी। मुठभेड़ के दौरान भाग रहे दो अपहरणकर्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शिव सिंह को मुक्त कराया। अपहरणकर्ताओं का तीसरा साथी गाड़ी लेकर भाग गया। पूछताछ करने पर अपहरणकर्ताओं ने अपने नाम अब्दुल रहमान और विनय उर्फ लल्ला भईया निवासी गांव कुम्हौल किशनी बताया। पुलिस को अपने तीसरे साथी का नाम भी बताया। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है। अपहरणकर्ताओं के कब्जे से तमंचा कारतूस, चाकू आदि बरामद हुए। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त थार को भी किशनी क्षेत्र से बरामद कर लिया है।