फिरोजाबाद से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। खेत की जुताई करने निकले एक किसान के लिए उसका ट्रैक्टर ही काल बन गया। देर रात ट्रैक्टर खाई में पलट गया और किसान उसके नीचे दब गया। सुबह जब ग्रामीणों ने खाई में पलटा ट्रैक्टर देखा, तब इस दर्दनाक हादसे का खुलासा हुआ। ये तस्वीरें फिरोजाबाद के खैरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव जरौली की हैं। गांव निवासी श्याम पाल उर्फ टिंकू रविवार रात करीब 11 बजे ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई के लिए निकले थे। लेकिन कच्चे चक रोड पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गया। हादसे में टिंकू ट्रैक्टर के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सोमवार सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर खाई में पलटे ट्रैक्टर पर पड़ी। पास जाकर देखा तो किसान ट्रैक्टर के नीचे दबा हुआ था। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर हटाकर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। श्याम पाल अपने पीछे 15 वर्षीय बेटी सौम्या और 12 वर्षीय बेटे कृष्ण को छोड़ गए हैं। घर में मातम पसरा है और गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।