एटा में बस स्टैंड के पास स्थित पुलिस चौकी के कर्मचारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए गुरुवार को रोडवेज चालक-परिचालकों ने करीब दो घंटे तक चक्का जाम कर दिया। विरोध स्वरूप स्टैंड पर करीब 30 बसों को वर्कशॉप में खड़ा कर दिया, जिससे बसों का संचालन पूरी तरह प्रभावित रहा और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चालक-परिचालकों का आरोप था कि बाहरी डिपो की बसों के शहर के अंदर बस स्टैंड तक आने से लगातार जाम की स्थिति बनती है, जबकि इसका खामियाजा स्थानीय चालक-परिचालकों को भुगतना पड़ता है। कर्मचारियों ने मांग की कि बाहरी डिपो की बसों को बाईपास मार्ग से भेजा जाए और केवल स्थानीय डिपो की बसों को ही शहर के अंदर प्रवेश दिया जाए। मामले की जानकारी मिलने पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश कुमार गुप्ता वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से वार्ता करने पहुंचे। कर्मचारियों को समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन समाप्त हुआ और बसों का संचालन दोबारा शुरू कराया गया।