उत्तर प्रदेश के एटा में शहर के मोहल्ला बैरूनगंज निवासी एक व्यापारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है। पिता-पुत्र आगरा से घर लौट रहे थे। रास्ते में थाना कोतवाली देहात के गांव बावसा के समीप झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। पीपल अड्डा निवासी अवनीश बंसल ने बताया कि मेरे साले मोहल्ला बैरूनगंज निवासी प्रशांत अग्रवाल (65) कन्फैक्शनरी का काम करते हैं। मंगलवार शाम लगभग 5 बजे घर से सामान लेने के लिए बेटे कृष्णा अग्रवाल को साथ लेकर अपनी कार से आगरा गए थे। सामान खरीदने के बाद देर रात वहां से निकले और लगभग 1:30 बजे देहात कोतवाली के गांव बावसा के समीप पहुंचे। गाड़ी चला रहे प्रशांत अग्रवाल को झपकी आ गई। इसके चलते गाड़ी सड़क से नीचे उतरकर एक पेड़ से टकरा गई। गाड़ी में फंसे पिता-पुत्र की चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे लोग घटनास्थल पर पहुंचे और इनको निकाला। एंबुलेंस और पीआरवी 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।