फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: लोहड़ी का उल्लास...ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमे लोग

लोक-संस्कृति को समर्पित हर्षोल्लास का पर्व लोहड़ी मंगलवार को शहर में धूमधाम से मनाया गया। सिख और सिंधी समुदाय के लोगों में सुबह से ही पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। दिन भर गुरुद्वारे व घरों पर धार्मिक क्रियाकलाप हुए। शाम होते ही शहर की सिंधी कॉलोनी में लोहड़ी दहन के साथ भजन-कीर्तन, नृत्य और लोकगीतों का आयोजन हुआ। सुबह से ही गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। लोगों ने परिवार के साथ पहुंचकर गुरुवाणी का श्रवण किया। शाम के समय सिंधी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा परिसर के समीप लोग एकत्रित हुए। यहां पहले धार्मिक अनुष्ठान व गुरुवाणी का पाठ हुआ। इसके बाद आयोजन समिति ने प्रसाद वितरण किया। बच्चे, महिलाएं व बुजुर्ग सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद लोहड़ी की अग्नि प्रज्वलित की गई। परिवारों ने अग्नि की परिक्रमा करते हुए तिल, मूंगफली, पॉपकॉर्न, रेवड़ी और गजक अर्पित की। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज पर युवाओं ने परंपरागत भांगड़ा और गिद्दा प्रस्तुत किया। लोकगीतों और धुनों पर बच्चों से लेकर युवतियों और महिलाओं ने भी नृत्य कर त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया। सिंधी कॉलोनी निवासी फूलचंद तारानी ने बताया कि लोहड़ी खासकर नवविवाहित दंपतियों और परिवार में जन्मे नवजात शिशुओं के लिए शुभ मानी जाती है। इस वर्ष भी नवविवाहिताओं और नवजात बच्चों की माताओं को विशेष बधाइयां दी गईं। रिश्तेदारों और समाज के बुजुर्गों ने घर-घर जाकर आशीर्वाद दिया। कई परिवारों ने अपने घरों पर लोहड़ी दहन कर विशेष सामूहिक पूजा-अर्चना भी कराई। इस दौरान गंगाराम सेवलानी, नंदलाल शर्मा, सेवाराम साजलानी, लक्ष्मणदास हीराणी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें