एटा में एक पेड़ मां के नाम-2.0 कार्यक्रम के तहत बुधवार को जिले में 28 लाख पौधे रोपे गए। इस शृंगार से धरा झूम उठी। आसपुर टोल प्लाजा पर जिले के प्रभारी मंत्री संदीप सिंह और अलीगढ़ मंडलायुक्त संगीता सिंह सहित तमाम अधिकारियों ने पौधे रोपे। प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक ही दिन में 37 करोड़ पौधे लगाकर गिनीज बुक में रिकार्ड दर्ज किया है। पेड़ों की महत्ता को हमें समझना होगा। सिर्फ पौधे लगाने से काम नहीं चलेगा, इनकी सुरक्षा एवं पोषण भी महत्वपूर्ण है। बिना पेड़ों के हम जीवित नहीं रह सकते। मंडलायुक्त ने कहा कि इस प्रकार के जनांदोलन ही प्रकृति को पुनर्जीवित करने की दिशा में कारगर सिद्ध होंगे। इससे पहले कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं, प्राथमिक विद्यालय नगला पवल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम व नाटक का मंचन कर पेड़ों की महत्ता समझाई। एमएलसी आशीष कुमार यादव, डीएम प्रेम रंजन सिंह, एसएसपी श्याम नारायण सिंह, डीएफओ सुंदरेशा, सीडीओ डाॅ. नागेंद्र नारायण मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद शाक्य, एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन, ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र कुमार लोधी व रवि वर्मा आदि ने पौधरोपण किया। कासगंज रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में भी पौधरोपण किया गया। प्रधानाचार्य अरविंद कुमार, प्रभारी कार्यदेशक मलिखान सिंह, पौधरोपण प्रभारी हरेंद्र वीर एवं संस्थान के कर्मचारियों ने पौधे रोपित किए।