हाईवे पर पलटा पड़ा ट्रैक्टर व ट्राली।
- फोटो : हाईवे पर पलटा पड़ा ट्रैक्टर व ट्राली।
चित्रकूट। हाईवे पर लोहे की सरिया लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके नीचे चालक दब गया।
वहीं, ट्रैक्टर मालिक घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चालक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली कर्वी के ब्यूर निवासी चुन्नीलाल का पुत्र (36) किशन पाल गांव के ही आनंद मिश्रा की ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर कर्वी सरिया लेने आया था। शाम करीब पांच बजे ट्रॉली में सरिया लेकर गांव जा रहा था। साथ में ट्रैक्टर मालिक आनंद मिश्रा भी थे। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के खोह के पास नो इंट्री प्वांइट के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके नीचे किशन पाल दब गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को सीधा कराकर चालक को बाहर निकाला।
वहीं, आनंद मिश्रा बाहर की ओर छिटक गए। इससे मामूली रूप से ही घायल हुए। पुलिस दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। वहां डॉक्टर ने किशनपाल को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही पत्नी अल्का देवी, पुत्र अनुराग, विक्रांत, पुत्री मधू, राधा का रो-रोकर बुरा हाल है।