पीडीडीयू नगर जिले में ठंड का कहर जारी है। दिन-रात चल रही ठंडी पछुआ हवा से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। हालांकि, दिन में हल्की धूप खिली लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों को चैन नहीं लेने दिया। बर्फीली हवाओं के कारण अब तक स्थिर रहने वाला अधिकतम तापमान मंगलवार को एक डिग्री कम दर्ज किया गया। जिले का अधिकतम तापमान सोमवार के 21 के स्थान पर 20 डिग्री पर आ गया जबकि न्यूनतम तापमान आठ डिग्री के पुराने स्तर पर बना रहा। लगातार बनी गलन ने पूरे जिले की रफ्तार को धीमा कर दिया है। दिन हो या रात, ठंड हर पल अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है। सुबह से ही सर्द हवा ने लोगों को कंपकंपाए रखा। सुबह और दोपहर में खिली हल्की धूप से भी राहत नहीं मिली और शाम होते ही गलन ने फिर से पहरा बैठा दिया। हर कोई शीघ्र अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश में नजर आया। शाम को जगह-जगह अलाव जलाकर गलन से राहत पाने की कोशिश कर रही लोगों की भीड़ यह बता रही थी कि ठंड कितनी तीखी है। दुपहिया वाहन चालकों के लिए हालात और भी मुश्किल रहे। दस्ताना, टोपी और मफलर लगाने के बावजूद ठंडी हवा चेहरे को चीरती महसूस हुई। कई जगहों पर लोग चाय की दुकानों पर रुककर गर्म चाय का सहारा लेते दिखे। धूप जरूर निकली लेकिन सर्द हवा के कारण उसमें गर्माहट की कमी साफ महसूस हुई। धूप की मौजूदगी से केवल आंखों को तसल्ली मिली, शरीर को नहीं। बाजारों में भी रौनक अपेक्षाकृत कम रही। दुकानदार अलाव जलाकर बैठे रहे और ग्राहक जल्दी-जल्दी खरीदारी कर घर लौटने में ही भलाई समझते रहे। राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में ठंड का सिलसिला जारी रह सकता है। गलन से फिलहाल राहत के आसार कम हैं।