चहनियां विकासखंड के सरफुद्दीनपुर गांव में शुद्ध पेयजल की समस्या को लेकर ग्रामीणों का धैर्य शुक्रवार को जवाब दे गया। वर्षों से बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए ग्राम सभा में स्थित पानी टंकी के पंप हाउस (मोटर रूम) में ताला जड़ दिया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके गांव (सरफुद्दीनपुर) की भौगोलिक स्थिति के बावजूद प्रशासन उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। बूथ अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने बताया कि चकरा ग्राम सभा में पानी टंकी का निर्माण तो हुआ है, लेकिन सरफुद्दीनपुर गांव में पाइपलाइन नहीं बिछाई गई। विवाद का मुख्य कारण यह है कि सरफुद्दीनपुर गांव की जमीन पर ही सोनबरसा ग्राम सभा के लिए पानी टंकी बनाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी हमारे गांव में लगी है, लेकिन इसका लाभ दूसरे गांव को दिया जा रहा है, जबकि सरफुद्दीनपुर के ग्रामीण प्यासे हैं।