थाना मुगलसराय क्षेत्र के सरायछोटू स्थित रिंग रोड पर कुछ युवकों द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल हुए असामाजिक वीडियो के बाद पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए छह युवकों को गिरफ्तार किया। वीडियो में दिखाई दे रहा था कि आरोपी कपड़े उतारकर राहगीरों के सामने अशोभनीय हरकत कर रहे थे। थानाध्यक्ष गगनराज सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि वीडियो में शामिल व्यक्तियों में रवि कन्नौजिया (24), लालू यादव (19), मक्खन कन्नौजिया (23), राहुल कुमार (27), विशाल कुमार (20) और अर्पित यादव (22) शामिल हैं। इन सभी युवकों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अशोभनीय हरकत करने और सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने के आरोप में निरोधात्मक कार्यवाही की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।