आज सोशल मीडिया ने हमारे सामने सूचनाओं का समंदर खोल दिया है। सूचनाओं के समंदर से अखबार सटीक जानकारी रूपी मोती चुनकर हम तक लाते हैं। अखबार पढ़ने की आदत न सिर्फ हमें सूचनाओं से अवगत रहने में मदद करती है बल्कि हमारे व्यक्तित्व के विकास में अहम भूमिका निभाती है। ये बातें नगर के रामकृष्ण महिला विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में शिक्षकों ने कहीं। शिक्षकों ने कहा कि आज के समय में सूचनाओं की विश्वसनीयता सबसे बड़ा संकट है। इसका कारण है कि सोशल मीडिया पर सूचनाओं का समंदर भरा हुआ है। यदि हम कुछ अपने लिए खोजना चाहते हैं तो हमारे सामने दूसरी जानकारी आ जाती है। उसमें हम खो जाते हैं और असली जानकारी हमसे दूर हो जाती है। इसका असर हमारे जीवन पर पड़ने लगा है।