दिल्ली में चल रहे छात्रों के आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को चंदौली में भी छात्रों का हुजूम सड़क पर उतर पड़ा। पीडीडीयू नगर और चकिया में छात्रों ने जुलूस निकाले और प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्रीय शिक्षामंत्री का इस्तीफा, पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई और मृत छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। पं दीनदयाल उपाध्याय नगर में छात्र नेता अंकित यादव के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र अलीनगर के सकलडीहा मोड़ पर एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और चकिया चौराहे पहुंचकर एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने पोस्टर फहरा कर इलाज मांगा। इलाज का अर्थ है, इ से इस्तीफा, ला से लाठीचार्ज पर कार्रवाई और ज से जवाब देही। इस दौरान सीओ अरुण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। छात्रों ने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में है। पेपर लीक के कारण मेहनती छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है। सरकार को तत्काल सख्त कदम उठाकर दोषियों को कड़ी सजा देनी चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लानी चाहिए।