चंदौली जिले में सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर परिवहन विभाग पूरी तरह अलर्ट और सतर्क हो गया है। कांवड़ियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी की जा रही है। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान चलाकर वाहन चालकों और आमजन को सुरक्षा संबंधी संदेश दिए जा रहे हैं। एआरटीओ द्वितीय अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान नेशनल हाईवे पर श्रद्धालुओं और अन्य वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभाग लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही जिले के वाहन स्वामियों एवं वाहन संचालकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में यातायात नियमों का पालन, कांवड़ियों की सुरक्षा तथा सड़क पर जिम्मेदारीपूर्वक वाहन संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही सभी वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा सुरक्षित गति से वाहन चलाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि एलपीजी एवं सीएनजी से संचालित वाहनों के संचालकों को भी सुरक्षा मानकों के पालन के लिए जागरूक किया जा रहा है। वाहनों की नियमित जांच, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा तकनीकी मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके। परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान धैर्य एवं संयम बनाए रखें, यातायात नियमों का पालन करें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कांवड़ियों की सुरक्षित यात्रा में सहयोग करें।