मांगों के समर्थन में लोको पायलटों के डीआरएम ऑफिस पहुंचने पर छह लोको पायलटों को रेल प्रशासन ने निलंबित कर दिया। मंगलवार की शाम निलंबित रेल कर्मियों की पत्नियों ने डीआरएम ऑफिस पहुंच कर हंगामा किया। बाद में आरपीएफ महिलाओं को पकड़ कर पोस्ट पर ले आई। इस दौरान महिलाओं ने आरपीएफ पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। हालांकि इस मामले में अभी कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। रेलवे लोको पायलट आठ सूत्री मांगों के समर्थन में सोमवार की दोपहर में डीआरएम ऑफिस पहुंचे थे। बिना पूर्व सूचना के बड़ी संख्या में लोको पायलटों का ऑफिस पहुंचना अधिकारीयों को नागवार गुजरा। हो हल्ला के बाद अधिकारियों ने लोको पायलटों से ज्ञापन तो लिया लेकिन छह पायलटों को निलंबित कर दिया। इसकी जानकारी होने पर सस्पेंड किए गए लोको पायलटों की पत्नियों ने मंगलवार की रात मंडल कार्यालय पर पहुंचकर विरोध जताया। महिलाएं संबंधित अधिकारी से मिलना चाहती थीं लेकिन उन्हें डीआ एम ऑफिस में घुसने नहीं दिया गया। लंबे विवाद के बाद आरपीएफ टीम पहुंच गई। महिलाओं का आरोप है कि आरपीएफ ने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया है। हालांकि मौके पहुंची कोतवाली पुलिस और आरपीएफ सभी महिलाओं को आरपीएफ पोस्ट पर लेकर चली गई।