चंदौली जिले के पड़ाव चौराहे पर रोजाना लगने वाले चार से पांच घंटे के भीषण जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। पड़ाव–रामनगर मार्ग पर स्थित रेलवे अंडरपास का चौड़ीकरण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद एक साथ तीन से चार बड़े वाहन अंडरपास से गुजर सकेंगे, जिससे लंबे समय से बनी जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। वर्तमान में अंडरपास इतना संकरा है कि एक समय में केवल एक बड़ा वाहन या ट्रक ही निकल पाता है। ऐसे में एक दिशा के वाहनों को रोककर दूसरी दिशा के वाहनों को निकाला जाता है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और प्रतिदिन चार से पांच घंटे तक जाम की स्थिति बनी रहती है। फोर लेन सड़क निर्माण परियोजना के तहत लोक निर्माण विभाग ने रेलवे को अंडरपास चौड़ीकरण के लिए करीब 20 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य तेजी से कराया जा रहा है। अंडरपास के एक हिस्से का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे हिस्से में खुदाई और निर्माण का कार्य जारी है। अधिकारियों के अनुसार यदि कार्य निर्धारित समय पर पूरा हुआ तो अगले पांच से छह महीने में नया और चौड़ा अंडरपास जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद पड़ाव चौराहे पर रोज लगने वाले जाम से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।