चंदौली जिले में टांडाकला से मारूफपुर को जोड़ने वाली पीडब्ल्यूडी की मुख्य पिच सड़क पर वन विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सड़क किनारे लगे एक जंगली पेड़ की भारी-भरकम डाल बीते रविवार की रात को टूटकर अचानक सड़क पर गिर गई। इस घटना को दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन वन विभाग की अनदेखी के चलते इस डाल को अभी तक रास्ते से नहीं हटाया गया है, जिससे स्थानीय लोग और राहगीर बेहद परेशान हैं। सड़क के बीचों-बीच डाल गिरने के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। दिन के समय तो जैसे-तैसे लोग बचकर निकल जा रहे हैं, लेकिन रात्रि के अंधेरे में स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती है। स्ट्रीट लाइट न होने और अंधेरे के कारण दुपहिया वाहन चालक व राहगीर इस डाल से टकराकर चोटिल हो रहे हैं। गनीमत है कि अब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन किसी अनहोनी की आशंका लगातार बनी हुई है।