सकलडीहा विकासखंड के सरेसर गांव में लगभग 30 लाख रुपए लागत से आधुनिक कंप्यूटरीकृत पंचायत भवन का निर्माण युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। इससे गांव के ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे कुटुंब रजिस्टर, जाति, आय, निवास सहित अन्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। शासन की ओर से प्रत्येक ग्राम पंचायत में आधुनिकीकरण के लिए ग्राम पंचायत के सभी कार्यों को पंचायत भवन पर कार्यरत पंचायत सहायक के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत गांव सभा के कार्यों के साथ जनता के भी कुटुंब रजिस्टर, जाति, आय, निवास, खतौनी सहित अन्य सुविधाएं एक ही छत के नीचे मुहैया करने का प्रावधान किया जा रहा है। इसके तहत सरेसर गांव में लगभग 30 लाख रुपए लागत से आधुनिक पंचायत भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें कंप्यूटर कक्ष, सामान्य कक्ष, प्रधान कक्षा, सचिव कक्ष के अलावा महिला और पुरुष शौचालय के साथ विद्युतीकरण बाउंड्रीवॉल, गेट, सबमर्सिबल के साथ पर्यावरण के उद्देश्य से पौधारोपण कर पंचायत भवन को सुसज्जित किया जाएगा। सरेसर में इन दिनों मिट्टी भराई के साथ पेंटिंग और निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। पेंटिंग के माध्यम से पंचायत भवन के दीवार पर ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर के तमाम अधिकारियों के नाम और नंबर अंकित किए जा रहे हैं। इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी राम सिंह और प्रधान प्रतिनिधि भानु प्रकाश यादव ने बताया कि पंचायत भवन निर्माणाधीन है। इसे सभी सुविधाओं से सुसज्जित कर ग्रामीणों को सुविधाएं दी जाएंगी।