फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिक्स लेन का दुरुपयोग, बालू और ईंट से भरा सर्विस लेन; VIDEO

पड़ाव से लेकर पीडीडीयू नगर तक हाल ही में बनी सिक्स लेन सड़क, जिसे क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से तैयार किया गया था, अब अपने निर्माण के महज 4-5 महीनों के भीतर ही अव्यवस्था और अतिक्रमण की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। 350 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस आधुनिक सड़क का दुरुपयोग खुलेआम हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं। सबसे गंभीर समस्या सिक्स लेन के दोनों किनारों पर बनी सर्विस लेन को लेकर सामने आई है। यहां बालू और बिल्डिंग मटेरियल के कारोबारियों ने कब्जा जमा लिया है। सुबह होते ही बड़े ट्रकों से बालू गिराकर सर्विस लेन पर ही डंपिंग की जा रही है, इसके बाद छोटे ट्रकों के जरिए इसे आसपास के घरों और निर्माण स्थलों तक पहुंचाया जा रहा है। इस पूरे अवैध कारोबार ने सर्विस लेन को लगभग निष्प्रयोज्य बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस लेन, जो हल्के वाहनों और स्थानीय आवागमन के लिए बनाई गई थी, अब पूरी तरह व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र बन चुकी है। इससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। कई जगहों पर सड़क पर फैली बालू और गिट्टी के कारण दोपहिया वाहन फिसलकर गिर रहे हैं। इस सड़क के निर्माण का मुख्य उद्देश्य चंदासी कोल मंडी में प्रतिदिन आने वाले करीब 1200 ट्रकों के दबाव को कम करना और यातायात को सुगम बनाना था। लेकिन वर्तमान हालात इसके उलट हैं। सर्विस लेन पर कब्जा और मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। खासकर सुबह और शाम के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है। स्थानीय लोगों में करतव के मुकेश, सेमरा के मो सरताज ने बताया कि कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते बालू कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर सड़क का दुरुपयोग कर रहे हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें