नौगढ़ क्षेत्र स्थित जंगल से शनिवार की शाम एक चीतल दौड़ता हुआ कस्बे में चला गया। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान चीतल भागते हुए कस्ब स्थित एक पुराने कुएं में गिर गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से चीतल को रेस्क्यू किया। बाद में उसे उपचार के लिए पशु अस्पताल भेज दिया गया। कुएं में गिरे चीतल को सुरक्षित निकालने के लिए करीब एक घंटे तक लगातार प्रयास किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को पीछे हटाया ताकि बचाव कार्य सुचारु रूप से चल सके। नौगढ़ रेंजर संजय श्रीवास्तव ने बताया कि चीतल को बाहर निकालने के बाद पशु अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। फिलहाल चीतल सुरक्षित है और उसका उपचार जारी है।