प्रयागराज में संगम तट पर भगदड़ के बाद सिर्फ ट्रेनों को ही नहीं बल्कि बिहार से प्रयागराज जाने वाले बसों, ट्रकों और ट्रैक्टरों को भी रोक दिया गया। यूपी की सीमा में प्रवेश से रोक लगने पर नौबतपुर सीमा पर वाहनों की कतार लग गई। स्थिति यह हो गई कि नौबतपुर सीमा से बिहार के दुर्गावती तक लगभग बीस किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। इससे बसों में सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 9 बजे से वाहनों को रोका जाने लगा। खबर लिखे जाने तक वाहनों को बिहार बार्डर पर रोका गया था। प्रयागराज में संगम तट पर स्नानार्थियों की भगदड़ के बाद प्रयागराज आने वाले स्नानार्थियों के हुजूम को रोक दिया गया। इसी कड़ी में नौबतपुर में ही बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल से आने वाले यात्री बसों के साथ ही ट्रैक्टर, ट्रकों सहित अन्य वाहनों को भी प्रदेश की सीमा में प्रवेश से रोक दिया गया। इससे सड़क पर जाम लगा रहा। जाम के कारण बिहार की तरफ लगभग बीस किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही। इस संबंध में सैयदराजा थानाध्यक्ष बिंदेश्वर पांडेय ने बताया कि शासन के निर्देश पर प्रयागराज जा रहे वाहनों को जगह-जगह रोका जा रहा है। मालवाहक और अन्य वाहनों को छोड़ा जा रहा है।