अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसा गांव में मंगलवार को प्रशासन ने भारतमाला परियोजना के अंतर्गत अधिग्रहित भूमि को खाली कराने के लिए बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़क निर्माण को गति देते हुए बुलडोजर की मदद से अधिग्रहित क्षेत्र में बने लगभग एक दर्जन अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। सुबह से ही एसडीएम डीडीयू नगर अनुपम मिश्रा, सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा तथा अलीनगर पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में भारी पुलिस बल, स्थानीय पुलिस व पीएसी की तैनाती की गई थी। कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र में हलचल बढ़ गई और ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी, लेकिन पुलिस-प्रशासन की सतर्कता के चलते पूरा अभियान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि परियोजना के लिए जिन लोगों की भूमि अधिग्रहित की गई थी, उन्हें पहले ही उचित मुआवजा दिया जा चुका है। उन्हीं अवैध निर्माणों को हटाया गया है, जो सड़क निर्माण के दायरे में बाधा बन रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्व की भारतमाला परियोजना में किसी भी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता रही। पूरे अभियान के दौरान पुलिस व प्रशासनिक टीम लगातार निगरानी करती रही, ताकि किसी प्रकार का विवाद न उत्पन्न हो। भारतमाला परियोजना के आगामी चरणों के लिए अधिग्रहित भूमि को खाली कराने की प्रक्रिया जारी है। रेवसा गांव में मंगलवार को की गई कार्रवाई इसी क्रम का हिस्सा है, जिससे प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य को समय पर पूरा किया जा सके।